Tuesday, July 16, 2019

कावड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था हेतु, ज़ोन स्तरीय बैठक का आयोजन




इन्दौर- दिनांक 16 जुलाई 2019- आगामी श्रावण मास में धर्मावलंबियों द्वारा निकाली जाने वाली कावड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं सुचारू यातायात व्यवस्था हेतु, श्री वरूण कपूर अति. पुलिस महानिदेशक, इन्दौर ज़ोन इन्दौर द्वारा ज़ोन के पुलिस अधिकारियों की एक बैठक, आज दिनांक 16.7.19 को कार्यालय में आयोजित की गयी। उक्त बैठक में श्री संजय तिवारी, उप पुलिस महानिरीक्षक इन्दौर रेंज (ग्रामीण), श्री मनोहर सिंह वर्मा उप पुलिस महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन, श्रीमती रूचि वर्धन मिश्र वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इन्दौर, श्री महेन्द्र जैन अति. पुलिस अधीक्षक यातायात (पूर्व) इन्दौर, श्री रणजीत सिंह देवके अति. पुलिस अधीक्षक यातायात (पश्चिम) इन्दौर उपस्थित रहे।

दिनांक 18 जुलाई से श्रावण मास में कावड़ यात्रियों हेतु, मार्गो पर भारी वाहनो का यातायात, निम्नानुसार परिवर्तित मार्ग पर संचालित किया जायेगा-

·         इन्दौर से सिमरोल, खण्डवा, इच्छापुर की ओर जाने वाला यातायात तेजाजी नगर से महूं, मानपुर होकर खलघाट के मार्ग पर किया जावेगा।
·         इच्छापुर से खण्डवा, इन्दौर की ओरआने वाला यातायात जलगांव से राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर परिवर्तित किया जायेगा।
·         खण्डवा से इन्दौर की ओर जाने वाला मूंदी, सतवास मार्ग से देवास, इन्दौर के मार्ग पर डायवर्ट किया जायेगा।
·         बुरहानपुर से होशंगाबाद की ओर जाने वाला यातायात बुरहानपुर से खकनार, सिंगोर, आशापुर हाईवे से गुजारा जावेगा।
·         खण्डवा से बड़वाह, महेश्वर, धामनोद मार्ग का यातायात देशगांव (खण्डवा) से भीकनगांव, खरगोन, कसरावद, मण्डलेश्वर, महेश्वर, धामनोद मार्ग से गुजारा जायेगा।

इसी प्रकार जिला धार, झाबुआ एवं अलीराजपुर में भी विभिन्न स्थानों से प्रारम्भ होने वाली कावड़ यात्रा के लिये मार्ग में समुचित यातायात एवं पुलिस व्यस्था लगायी जायेगाी।

बैठक में श्रावण मास में निकलने वाली कावड़ यात्रा के दौरान धर्मावलंबियों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी सुविधाओं का ध्यान में रखते हुए, राजमार्ग पर सुचारू यातायात व्यवस्था एवं मार्ग परिवर्तन के संबंध में इन्दोर ज़ोन के जिलों के सीमावर्ती अन्य राज्यों के जिलों जलगांव, नंदुरबार, सिरपुर, रावेर आदि के पुलिस अधिकारियों से भी चर्चा की जाकर, आपसी समन्वय स्थापित कर, कावड़ यात्रा के दौरान भारी वाहनों केमार्ग परिवर्तन की व्यवस्था किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही इन यात्राओं के मार्गो पर नियमित रूप से संबंधित थानों द्वारा पुलिस की मोबाइल पार्टी के माध्यम से भी वाहनों को सुचारू रूप से संचालित कराया जायेगा।
इस प्रकार कावड़ यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा की गयी व्यवस्थाओं के चलते प्रमुख मार्गो पर भारी वाहनों का दबाव नहीं रहेगा तथा कावड़ यात्रियों की पदयात्रा निर्बाध रूप से चलती रहेगी।
एडीजी, श्री वरूण कपूर द्वारा कावड़ यात्रियों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था हेतु इन्दौर ज़ोन के साथ, सीमावर्ती राज्य के पुलिस अधिकारियों से भी निरतंर समन्वय रखते हुए, सुचारू यातायात व्यवस्था के लिये आश्वस्त किया गया।



No comments:

Post a Comment