Saturday, June 4, 2016

तीन मोबाईल लुटेरे, पुलिस थाना एरोड्रम द्वारा गिरफ्तार



इन्दौर-दिनांक 04 जून 2016-पुलिस थाना एरोड्रम द्वारा लोगों के साथ रात्रि में मोबाइल लूटकर ले जाने वाले तीन आरोपियों को को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस थाना एरोड्रम क्षेत्रान्तर्गत दिनांक 3.06.16 को फरियादी हेमन्त सोनी ने थाना आकर रिपोर्ट किया की दिनांक 02.06.16 को रात करीबन 11.00 बजे से 11.30 बजे की बात है मैं काम के बाद अपने घर मारुति पैलेस जा रहा था कि तभी रास्ते मे कालानी नगर चौराहे से थोडा आगे नगीन नगर तरफ से मोटर सायकल क्रमांक एमपी/09/एनआर-0227 पर तीन लडके बैठे थे, जो मेरे पीछे तरफ से आये और मुझे रोककर मेरी जेब में रखा, मेरा आधार कार्ड, 200 रूपये तथा एक मोवाईल नोकिया कम्पनी का मुझसे छीनकर भागे तो मै भी उनके पीछे दौडा, उन तीनो लडको ने आगे एक व्यक्ति से जो अपने मोबाईल पर बात करते करते पैदल जा रहा था उसका मोवाईल भी छीन लिया और भाग गये। जिस व्यक्ति का मोबाईल छीना था, उसने अपना नाम विरेन्द्र सिंह निवासी गुरुनानक कालोनी इंदौर बताया और कहा कि मोटरसायकल नं एमपी/09/एनआर-0227 वाले तीनो लडकों ने मेरा भी कार्बन कम्पनी का मोवाईलछीन कर भाग गये। दोनो फरियादियों की रिपोर्ट पर पुलिस थाना एरोड्रम व्दारा तत्काल प्रकरण पंजीबध्द कर विवेचना मे लिया गया। 
पुलिस टीम द्वारा प्रकरण मे मोटरसायकल नं एमपी/09/एनआर-0227 के चालक की तलाश करने पर आरोपी 1. राजेश पिता शंकरलाल (25) निवासी 402/3 लोकनायक नगर के बारें मे पता चला, जिसे अभिरक्षा मे लेकर पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों 2. राजेन्द्र पिता छोटेलाल (30) निवासी बडवेली जिला राजगढ हाल श्रीजी वाटिका के पास स्कीम नं.71 इन्दौर तथा 3. कालू पिता रामलाल राठौर (30) निवासी अडुद पंधाना जिला खण्डवा हाल 447 पंचमुर्ती नगर इन्दौर के नाम बताये। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को अभिरक्षा मे लिया जाकर पूछताछ पर, इन्होने उक्त घटना कारित करना स्वीकार किया है। पुलिस द्वारा इनके कब्जे से  लूटे गये मोबाईल जप्त किये गये है।

                उक्त लूट के आरोपियों को त्वरित कार्यवाही कर, पकड़ने में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस थाना एरोड्रम की टीम का सराहनीय योगदान रहा।




अवैध कच्ची शराब बनाने वाले तीन आरोपी पुलिस थाना लसूड़िया द्वारा गिरफ्तार, आरोपियों के कब्जे से हजारो रूपये की अवैध कच्ची शराब व बनाने वाली सामग्री जप्त



इन्दौर-दिनांक 04 जून 2016-पुलिस थाना लसूड़िया द्वारा अवैध कच्ची शराब बनाने वाले तीन आरोपियों को कच्ची शराब उसको बनाने वाली सामग्री सहित पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 03.06.16 को थाना प्रभारी लसूडिया श्री आर.डी.कानवा को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई की ग्राम मायाखेडी ओमेक्स सिटी के पीछे सुरेश के मकान के पीछे खुले ओटले पर भारी मात्रा में, कच्ची हाथ की भट्टी की महुए की शराब बनाई जा रही है। उक्त सूचना पर, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस थाना लसूडिय की टीम द्वारा ग्राम मायाखेडी मे मुखबिर के बताये स्थान पर दबिश दी गई तो वहां पर खुले ओटले मे चूल्हे पर कच्ची शराब बनाते मिलें, 1.सुरेश पिता बद्रीलाल चौहान (32) निवासी ग्राम मायाखेडी इन्दौर, 2.रामकन्याबाई पति सुरेश चौहान (28) निवासी ग्राम मायाखेडी इन्दौर तथा 3. कविता बाई पति राकेश चौहान (26) निवासी ग्राम मायाखेडी इन्दौर को पकडा गया। इनसे शराब बनाने रखने का लायसेंस पूछनेपर नहीं होना बताया। पुलिस द्वारा आरोपियो के कब्जे से कुल 120 लीटर कच्ची शराब, शराब की खरीदी/बिक्री करने के पांच हजार रुपये नगदी, 10 किलो महुआ जिसे भट्टी पर रख कच्ची शराब बनायी जा रही थी  15 किलो महुआ जिसे जमीन के अन्दर रखा गया था तथा दो ड्रमो मे भारी तादाद मे भरी कच्ची शराब, करीबन 20 से 25 हजार रुपये कीमत की अवैध शराब को विधिवत जप्त किया गया है।
पुलिस थाना लसूडिया द्वारा तीनों आरोपियो के विरुद्ध अपराध क्रमांक 439/2016 धारा 34(2) आबकारी एक्ट का पंजीबद्ध कर, तीनो आरोपियो को गिरफ्तार कर, माननीय न्यायालय मे पेश किया गया है।
उक्त आरोपियों को पकड़ने में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लसूड़िया श्री आर.डी. कानवा उनकी टीम के सउनि. एल.एस.कुशवाह, प्रआर. लेओस कुजुर, आर. अभिषेक सिहं सेंगर, आर.महेश, आर. दिनेश, आर. ब्रजेश तथा आर.शेखर की सराहनीय भूमिका रही।







     

डम्पर से टक्कर मारकर, वकील की हत्या का षड़यंत्र रचने वाले पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में


    
इन्दौर-दिनांक 04 जून 2016-इन्दौर पुलिस द्वारा डम्पर से कार को टक्कर मारकर, वकील जयसिंह की हत्या का षड़यत्र रचने वालों का पर्दाफाश कर, पांच आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 29.03.16 विजया कोल्ड स्टोरेज के सामने महूं इन्दौर रोड़ पर किशनगंज थाना क्षेत्र मे 12.45 मिनट पर वर्ना कार एमपी/09/सीएन-3767 को डम्पर एमपी/09/जीई-3412 के चालक व्दारा टक्कर मार दी गई, जिसमेवर्ना कार छतिग्रस्त हुई एवं वर्ना कार में बैठे वकील जयसिंह उनके पुत्र विवेकसिंह को चोट आयी। डम्पर व्दारा मारी गई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वर्ना कार के पिछे चल रहे 02 मोटर सायकलो पर सवार 04 लोगों को टक्कर लगने से, मोटर सायकल सवार सुनील पिता भागीरथ निवासी गोपालपुरा की अधिक चोट होने से मौके पर मृत्यु हो गई तथा अस्पताल में भर्ती सुलेमान उर्फ सलीम खान पिता नवाब मंसूरी निवासी मालवीय नगर की भी घटना दिनांक को ही मृत्यु हो गई। उपरोक्त घटना में साकिर खान, सुखलाल, जयसिंह विवेक सिंह को चौट लगी एवं मोटर सायकल एमपी/09/एनएन-4043 मोटर सायकल एमपी/09/एमके-1424 तथा वर्ना कार एमपी/09/सीएन-3767 बुरी तरह से छतिग्रस्त हुई। उपरोक्त घटना क्रम से डम्पर चालक के विरूद्ध धारा 304 भादवि का थाना किशनगंज पर पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना में घायल जयसिंह के बड़े भाई बनेसिंह व्दारा घटना को संदेहास्पद मानते हुये वरिष्ठ अधिकारियो को शिकायत की गई कि उपरोक्त घटना एक्सीडेन्ट होकर वकील जयसिंह को मारने की साजिश थी जिसमे जयसिंह ठाकुर विवेकसिंह गंभीर रूप से घायल हुये है, दो युवको की जान चली गई है।
उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए, उप पुलिस महानिरीक्षक इन्दौर शहर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा घटना की बारीकी से जांच कर, आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिये गये। उक्त निर्देश के तारतम्य में पुलिस अधीक्षक पश्चिम श्री डी.कल्याण चक्रवर्ती अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महूं श्री विवेकसिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मानपुर कमलेश शर्मा उनकी टीम को लगाया गया।
पुलिस टीम द्वारा व्दारा बारिकी से जाँच की गई तो पाया कि उपरोक्त घटना क्रम को योजना बद्ध तरीके से अन्जाम दिया गया है, चूंकि पूर्व में वकील योगेश गर्ग की हत्या माँगीलाल ठाकुर नें विकास चौहान सावन के माध्यम से करवायी थी और जयसिंह ठाकूर वकील योगेश गर्ग के जुनियर वकील है एवं कुछ विवादास्पद जमीनो के मामले में भी इनके विरूद्ध है। जयसिंह ठाकुर को रास्ते से हटाने के लिये माँगीलाल के बनाये षड़यत्र को अन्जाम देने के लिये उसके साड़ू राजेन्द्र पिता शेरसिंह निवासी पान्दा व्दारा जयसिंह की रेकी की गई एवं उसके आने जाने की सूचना ओमप्रकाश ठाकुर को दी गई। ओमप्रकाश ठाकुर व्दारा डम्पर में बैठे नोशाद को जयसिंह के बारे में जानकारी दी। नोशाद व्दारा ट्रक ड्रायवर रामसिंह ठाकूर निवासी दुधिया के साथडम्पर में बैठ कर टक्कर मारी गई। डम्पर मालिक संजय पिता ब्रजलाल निवासी हरसोला भी उपरोक्त पूरे घटना क्रम में रेकी करने लगातार 8-10 दिन तक डम्पर को अपने घर हरसोला से वेटनरी कालेज ले जाकर नोशाद डम्पर के ड्रायवर को लेकर घटना स्थल के आस पास खड़े होकर निगरानी करता था। लगभग 10 दिन तक लगातार रेकी करने के पश्चात, उक्त आरोपियों द्वारा दिनांक 29.03.16 के 12.45 बजे इस योजना बद्ध घटना क्रम को अन्जाम दिया गया।
घटना स्थल का निरीक्षण, ज्येष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी इन्दौर डॉ. सुधीर शर्मां व्दारा किया गया। घटना स्थल पर रोड़ पर किसी भी प्रकार के वाहन के स्किड मार्क नही पाये गये, जिसके आधार पर फरियादी द्वारा बताया गया घटनाक्रम असत्य स्थापित किया गया एवं टेकनीकल टीम की रिपोर्ट पर से भी घटना के सम्बध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। उपरोक्त घटना में आरोपियो व्दारा फर्जी सिमो का उपयोग किया गया है जिसका भी सूक्ष्म विश्लेषण करने पर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आयी। उपरोक्त सारे घटना क्रम का मास्टर माइन्ड माँगीलाल ठाकूर निवासी ग्राम पान्दा है जिसका जयसिंह से पुराना विवाद जमीनो को लेकर है, जो वर्तमान में उप जेल महूं में, बहूचर्चित वकील योगेशगर्ग हत्या काण्ड में निरूद्ध है पूर्व में भी दो हत्याऐ कर चुका है तथा कई गम्भीर अपराधो में अभियोजित हो चुका है। इसके विरूद्ध कई गम्भीर अपराधो सहित 18 अपराध पंजीबद्ध है। माँगीलाल जेल से अपने गुर्गो के माध्यम से अपनी योजनाओ को क्रियान्वित कराता है इससे भी घटना क्रम के बारे में  पूछताछ की जावेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्यवाही करते हुए, पुलिस टीम व्दारा आरोपी वाहन स्वामी संजू उर्फ संजय पिता ब्रजलाल निवासी हरसोला, ओमप्रकाश ठाकूर निवासी पिगडम्बर, राजेन्द्र पिता शेरसिंह निवासी पान्दा, नौशाद पिता इकबाल खान निवासी यशवंत नगर मानपुर ड्रायवर रामसिंह निवासी दूधिया थाना खुड़ेल को हत्या एवं हत्या का प्रयास तथा अपराधिक षड़यत्र रचने के अपराध में  गिरफ्तार किया गया है, जिनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तथा न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर जेल में निरूद्ध मुखय षड़यत्रकारी मांगीलाल ठाकूर के विरूद्ध भी वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।

उक्त घटनाक्रम का पर्दाफाश कर, आरोपियों को पकड़ने में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी मानपुर कमलेश शर्मा, सउनि धनसिंह पटेल, प्रआर. 126 गोविन्द तथा टीम की सराहनीयभूमिका रही है